
अप,हरण के मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, अप,हृत युवक सकुशल बरामद
#देवरिया। महुआडीह थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अप,हृत युवक को भी पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक चौहान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में महुआडीह पुलिस ने कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को रामपुर दूबे थाना महुआडीह निवासी महिला ने सूचना दी थी कि उनका करीब 23 वर्षीय पुत्र आयुष सिंह बलटिकरा मुख्य मार्ग पर पंचर की दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान काले रंग की टाटा हैरियर में सवार कुछ लोगों ने उसे कथित रूप से जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।
सूचना मिलते ही महुआडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपहृत युवक की तलाश शुरू की गई।पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को आयुष सिंह को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया विवेचना और पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि युवक को कथित रूप से जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई थी। पुलिस का यह भी कहना है कि पीड़ित के एक परिचित से व्हाट्सऐप के जरिए करीब 35 हजार से 40 हजार USDT की फिरौती मांगने का प्रयास किया गया था।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभिषेक चौहान की संलिप्तता पाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना के दौरान अन्य आरोपियों को सहयोग किया और व्हाट्सऐप के माध्यम से फिरौती मांगने में भी मदद की।
महुआडीह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में भी जांच जारी है।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Oct 1, 2026