
जसरासर-श्योपुरा में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, भामाशाहों को किया सम्मानित
चूरूः विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शनिवार को जसरासर और रतननगर सेक्टर के गांव श्योपुरा में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और भामाशाहों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यवाहक उपनिदेशक एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रमोद कुमार थे। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभागीय योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। इसी क्रम में जसरासर में महिला पर्यवेक्षक शीतल बत्रा व श्योपुरा में महिला पर्यवेक्षक जयकौर चौधरी के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्योपुरा में भामाशाहों ने आंगनबाड़ी केंद्र के लिए एलईडी टीवी, पंखे, खिलौने और अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम में छोटे बच्चों का अन्नप्राशन व नए बच्चों का प्रवेशोत्सव भी मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने लोकगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को रौचक बना दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संदेश का पठन किया गया तथा प्रत्येक मानदेय कर्मी को एक-एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता ने सहयोगी भूमिका निभाई। शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी, सरपंच, वार्ड पंच, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे। डीडी प्रमोद कुमार ने भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महिला पर्यवेक्षक ज्योति सोनी ने किया। #follower
#nonfollowers #highlight
Churu, Churu | Sep 27, 2026