फरीदाबाद में पुजारी हत्याकांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार...
सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओल्ड फरीदाबाद निवासी रोहताश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर के पास नशा कर रहे थे। पुजारी ने उन्हें रोका तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान पत्थर के सिल-बट्टे से सिर पर वार किया गया, जिससे पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि चारों आरोपी रोहताश के ऑटो में बैठकर दिल्ली से स्मैक लेकर आए थे। वारदात के बाद उन्होंने मंदिर से पुजारी का सामान चोरी किया और उसी ऑटो में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।