बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी मे मंगलवार रात करीब 10 बजे अजीत ने बेबी को अपने किराए के कमरे पर बुलाया। अजीत बेबी पर पति और बच्चों को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। बेबी इसके लिए तैयार नहीं थी और उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने के बाद अजीत ने चाकू से बेबी के सीने, गले और चेहरे पर 17 वार कर दिए। पड़ोसियों ने कमरे से चीख-पुकार सुनी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो बेबी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी, जबकि अजीत उसके पास बैठा मिला। अस्पताल ले जाते समय बेबी ने दम तोड़ दिया।
बेबी की शादी करीब 15 साल पहले पंकज उर्फ भंते से हुई थी। उनके चार बच्चे—दो बेटे और दो बेटियां हैं। पंकज बर्तन की छोटी फैक्ट्री चलाते हैं। दूसरी तरफ अजीत की पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी और उसका बेटा भी अलग रहता था। अजीत का कमरा बेबी के घर से लगभग 200 मीटर दूर बताया गया है।
अजीत ने बेबी पर शादी का दबाव बनाया था। जब बेबी ने बातचीत और मिलना-जुलना बंद कर दिया, तो इसी नाराजगी के बाद हत्या की वारदात सामने आई।