
शाहनगर में शराब दुकान का SDM ने किया निरीक्षण, दस्तावेजों और स्टॉक की जांच
कलेक्टर पन्ना श्रीमती ऊषा परमार के निर्देश पर जिले में अवैध एवं मिलावटी शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शाहनगर एसडीएम एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी राजस्व राम निवास चौधरी ने आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय के साथ शाहनगर स्थित शराब दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शराब दुकान के लाइसेंस, नौकरनामा, मदिरा परिवहन परमिट सहित अन्य दस्तावेजों का अवलोकन किया। इसके साथ ही दुकान में उपलब्ध शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
अधिकारियों ने शराब की बोतलों पर चस्पा ईएएल यानी एक्साइज एडेसिव लेबल को स्कैन कर उसका परिवहन परमिट से मिलान किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई सामान्य त्रुटियों को लेकर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और लाइसेंसी को आरोप पत्र भी दिया गया।
एसडीएम राम निवास चौधरी ने आबकारी उपनिरीक्षक को शाहनगर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर पुलिस का सहयोग लेने के लिए भी कहा गया।
वहीं एसडीएम ने शराब का सेवन करने वाले लोगों से अपील करते हुए कहा कि नकली और मिलावटी शराब से बचें तथा केवल शासन द्वारा निर्धारित अधिकृत शराब दुकानों से ही शराब खरीदें।
#शाहनगर #पन्ना #शराबदुकान #आबकारीविभाग #प्रशासन