
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर इस वर्ष का 'राज्योत्सव 2026' 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर (अटल नगर) के तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संस्कृति विभाग के नोडल नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस उत्सव में विभागीय विकास प्रदर्शनियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को 40 राज्य स्तरीय अलंकरण व पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को ऐतिहासिक और जन-सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मेला स्थल पर भव्य डोम, मुख्य मंच, विकास प्रदर्शनी और स्टॉल निर्माण के साथ ही सुरक्षा, सुगम यातायात, निर्बाध बिजली, सिटी बस और चिकित्सा व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स द्वारा एक हाईटेक मीडिया सेंटर और व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाएगी, ताकि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और विकास की झलक हर नागरिक तक पहुंच सके।
#Rajyotsava2026 #ChhattisgarhFoundationDay #CGStatehoodDay #NavaRaipur #ChhattisgarhCulture #CGGovt #Rajyotsav #FatafatNews