
गोरखपुर: दीपिका शर्मा के परिवार के साथ खड़ी हुई लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा
गोरखपुर। 10 वर्षीय दीपिका शर्मा के साथ हुई दर्दनाक घटना के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।
यह प्रतिनिधिमंडल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश, उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरुण भारती तथा प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह, महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग तिवारी, जिला महासचिव विभास कुमार पासवान, ब्लॉक अध्यक्ष सहजनवा भानु प्रताप मिश्रा, अनिल साहनी, युवराज, विशाल, अजय दुबे, अतुलेश्वर पांडेय, श्रवण, संदीप सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार की पीड़ा साझा करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। पार्टी ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, सुरक्षा और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पीड़ित परिवार के साथ न्याय मिलने तक हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी और परिवार को किसी भी स्थिति में अकेला नहीं छोड़ेगी
।#JusticeForDeepika #Gorakhpur #LJPRamVilas #DeepikaSharma #PunjabKesari