
कन्नौद पुलिस ने बाइक चोर गैंग का किया पर्दाफाश, 6 चोरी की मोटरसाइकिलों का खुलासा
कन्नौद। थाना कन्नौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर छह चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाई है। इनमें फरियादी की चोरी हुई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं, जबकि अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है।
मामला 8 अगस्त 2026 का है। ग्राम सागोनिया निवासी गंगाराम ने कन्नौद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि साई मंदिर तिराहे के पास स्थित उसके किराये के मकान के सामने से रात के समय अज्ञात चोर उसकी दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें चोरी कर ले गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ऑपरेशन “त्रिनेत्रम” के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तीन आरोपी योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच टाकलीखेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 9 अगस्त को तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कन्नौद के अलावा खातेगांव और अन्य क्षेत्रों में भी मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी सामने आई।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर फरियादी की चोरी हुई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलों और दूसरे मामलों को लेकर भी पूछताछ जारी है।
12 अगस्त को आरोपियों को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. लंकेश पिता रामगोपाल, निवासी ग्राम पाडियादेह, थाना खातेगांव, जिला देवास
2. गणेश पिता भगवानदास, निवासी ग्राम पाडियादेह, थाना खातेगांव, जिला देवास
3. रवि उर्फ भूरू पिता रामू, निवासी ग्राम पाडियादेह, थाना खातेगांव, जिला देवास
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में उनि. राहुल रावत, प्रआर दीपक अग्निहोत्री, आरक्षक राजेन्द्र सिंह राजपूत एवं एनसीसी विजय का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और चोरी की शेष मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।