
देवास में 2.53 लाख का प्रतिबंधित तेल जब्त, 4 सैंपल जांच के लिए भेजे
1520 किलो खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल मिला, दो प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई
देवास। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर 1520 किलो प्रतिबंधित खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 53 हजार रुपये से अधिक है।
जांच दल ने परसमंस ट्रेडर्स से 980 किलो प्रतिबंधित तेल जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 69 हजार 740 रुपये बताई गई है। यहां से तेल का सैंपल भी लिया गया। इसके बाद शुक्रवारिया हाट स्थित पूर्वी ट्रेडर्स से 540 किलो से अधिक प्रतिबंधित खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 83 हजार 160 रुपये है। यहां से खुले तेल के साथ पैकेटबंद सोयाबीन तेल का भी सैंपल लिया गया।
दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 4 सैंपल सील कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की अभिहित अधिकारी निर्मला सोमकुंवर के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा इससे पहले विजय किराना स्टोर को तेल होलसेलर से आपूर्ति किए गए प्रतिबंधित रिफाइंड सोयाबीन तेल के पैकेट्स का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जा चुका है।