
गोरखपुर: घघसरा में न्याय की हुंकार, 'हत्यारों को फांसी दो' के नारों के बीच निकला विशाल कैंडल मार्च
रविंद्र त्रिपाठी व दिलीप सैनी के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, किशोरी और मासूम वैभव वर्मा के हत्यारों को फांसी देने की उठी मांग
घघसरा/गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा बाजार रविवार शाम न्याय की मांग को लेकर गूंज उठा। समाजसेवी रविंद्र कुमार त्रिपाठी और दिलीप कुमार सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने किशोरी की जघन्य हत्या तथा खजनी के स्वर्ण व्यवसायी के 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा की निर्मम हत्या के विरोध में विशाल कैंडल मार्च निकालकर दोषियों को फांसी देने की मांग की।
हाथों में जलती मोमबत्तियां और न्याय की तख्तियां लिए लोगों का हुजूम घघसरा–पटना मार्ग तिराहे से निकला। कैंडल मार्च हनुमान मंदिर, पेट्रोल पंप और मुख्य बाजार होते हुए आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में "हत्यारों को फांसी दो", "मासूमों को न्याय दो" और "बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करो" जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। मार्च में शामिल लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
समाजसेवी रविंद्र कुमार त्रिपाठी और दिलीप कुमार सैनी ने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी जघन्य घटनाएं समाज को झकझोर रही हैं। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों और बेटियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर ऐसी सजा दी जाए जो भविष्य में किसी भी अपराधी के लिए नजीर बने।
कैंडल मार्च में सुरेंद्र वर्मा, रामानुज पांडेय, सुनील विश्वकर्मा, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, व्यापारी, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही और शांतिपूर्ण ढंग से मार्च संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक समाज की आवाज इसी तरह बुलंद होती रहेगी। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।