जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और इकलौते विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में सदस्य की शपथ लेने के बाद विधानमंडल परिसर में बतौर नए-नवेले एमएलए जो पहला ऐलान किया था, उससे वह पीछे हट गए हैं।
प्रशांत किशोर ने स्पीकर प्रेम कुमार के चैंबर में शपथ के बाद बाहर निकलने पर मीडिया से कहा था कि वो अभी लखीसराय जा रहे हैं, लेकिन अब जन सुराज के सूत्रों ने साफ किया है कि प्रशांत किशोर अशोक धाम मंदिर के भगदड़ वाली जगह पर आज नहीं जा रहे हैं।
पार्टी के सूत्रों ने कहा कि प्रशांत अब मंगलवार यानी कल लखीसराय जाएंगे और भगदड़ की जगह का दौरा करेंगे। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि भगदड़ के बाद के हालात और सोमवारी भीड़ के मद्देनजर स्थानीय नेताओं ने उन्हें आज का दौरा टालने कहा था।
आज सुबह अशोक धाम मंदिर में जल चढ़ाने वाली कतार के पास बिजली का एक पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 7 महिलाओं की मौत हो गई। इसमें दो दर्जन लोग घायल भी हुए हैं।
Kahara, Saharsa | Aug 17, 2026