
सेवा संकल्प अभियान 2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा
गांधी जयंती से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में होंगे स्वच्छता एवं वृक्षारोपण सहित विभिन्न आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कार्य-योजना की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत गांधी जयंती के अवसर पर ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान से होगी। इसके अंतर्गत स्कूलों एवं छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों के लिए निबंध, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला मुख्यालय शहडोल में जय स्तंभ चौक पर मेले का आयोजन किया जाएगा। वहीं जनपद स्तर पर खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा दुकानें लगाई जाएंगी, जहां स्थानीय उत्पादों एवं खादी से संबंधित सामग्री का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जनपद पंचायतों द्वारा तथा रविवार को नगरीय निकायों में सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ जिला पंचायत ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के लिए संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा कार्य-योजना के अनुसार सभी कार्यक्रम समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान #शहडोल #shahdol