
#पत्रकारों_के_सम्मान_पर_आंच_बर्दाश्त_नहीं
गौशाला कवरेज विवाद पर निंदा प्रस्ताव पारित
माफी तक गौशाला की खबरों से दूरी का फैसला,
प्रिंट-डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने बैठक में दिखाई एकजुटता
बिसाऊ। आपणी गौशाला के वार्षिक उत्सव में पत्रकारों को कथित रूप से मीडिया कवरेज से रोकने और उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर कस्बे के प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
पत्रकारों का आरोप है कि गौशाला में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम की कवरेज के दौरान कुछ व्यक्तियों ने पत्रकार साथियों को फोटो और वीडियो बनाने से रोका तथा उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा। बैठक में पत्रकारों ने कहा कि इस घटनाक्रम से कार्यक्रम स्थल पर मीडिया के लिए असहज स्थिति बनी।
माफी नहीं तो कवरेज नहीं
बैठक में पत्रकारों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले संबंधित व्यक्ति जब तक प्रेस क्लब बिसाऊ के समक्ष व्यक्तिगत रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक आपणी गौशाला से संबंधित खबरों के प्रकाशन एवं प्रसारण से दूरी रखी जाएगी।
पत्रकारों ने कहा कि वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में निष्पक्ष तरीके से समाचार संकलन और कवरेज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। पत्रकारों ने इस मामले को मीडिया के सम्मान से जोड़ते हुए भविष्य में ऐसी किसी घटना पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर सहमति जताई।
एकजुट होकर उठाएंगे पत्रकारों के सम्मान की आवाज
बैठक में पत्रकारों ने आपसी एकजुटता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी पत्रकार साथी के सम्मान से जुड़े मामले में सभी मिलकर अपनी बात रखेंगे। बैठक में कस्बे के प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।
#ShekhawatiExpress #शेखावाटीएक्सप्रेस #Bissau #बिसाऊ #Jhunjhunu #झुंझुनूं #ApniGaushala #आपणीगौशाला #पत्रकार #Journalists #PressClubBissau #मीडियाकवरेज #PressFreedom #MediaFreedom #पत्रकारएकता #पत्रकारसम्मान #निंदाप्रस्ताव #गौशालाकवरेजविवाद #DigitalMedia #PrintMedia #RajasthanNews #JhunjhunuNews #BissauNews #BreakingNews #LocalNews #ShekhawatiNews