
बार-बार सूचना के बाद भी नहीं बदला जर्जर तार, ग्रामीणों ने लाइनमैन को पोल से बांधा।
सिवान जिला के प्रखंड के गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तार को नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर आक्रोश जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तार को बदलने के लिए बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के लाइनमैन सोनू बैठा को कथित रूप से बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी के सहारे बिजली के पोल से बांध दिया। जिसका फोटो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है हालांकि कि #Matchbox वायरल फोटो कि पुष्टि नहीं करता है।घटना के दौरान अभय यादव, आजाद खान, शेख रहमत, विक्कू, सिकंदर अली और अनवर अली सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तार लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। इसकी जानकारी कई बार बिजली विभाग के कर्मियों को दी गई, लेकिन तार नहीं बदला गया। ग्रामीणों ने कहा कि तार के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। जेई ने नहीं दिया जवाब घटना के संबंध में बिजली विभाग के जेई अवधेश कुमार से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने फोन उठाया, लेकिन कुछ देर बाद कॉल काट दी। इसके बाद घटना को लेकर उनका पक्ष नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल जर्जर तार बदलने और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजु कुमार ने बताया कि बिजली विभाग किसी अन्य लोगों के द्वारा मामले की जानकारी नहीं दी गई है,हमें मामले की जानकारी नहीं है।
Siwan, Siwan | Oct 1, 2026