
पेट्रोल डालकर दुकान में आग लगाने की कोशिश:सीसीटीवी में 3 बाइक सवार बदमाश दिखे, व्यापारियों में रोष; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
.
.
अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में कठूमर रोड स्थित बाजार में देर रात इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। दुकान मालिक सुनील गर्ग के अनुसार रात करीब 11:57 बजे तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर गर्ग इलेक्ट्रिकल की दुकान के पास पहुंचे। बाजार में सन्नाटा होने के बाद एक युवक बाइक से उतरा और दुकान के शटर के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठती देखकर पड़ोसी कपूर चंद जैन ने दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुनील गर्ग और उनके परिजन मौके पर पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रिकल सामान आग की चपेट में आने से बच गया। घटना की सूचना पर खेड़ली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में दुकान मालिक ने खेड़ली थाने में शिकायत दी है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने थाने पहुंचकर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
#alwarnews
#jaivardhannews