
Punjab Election: साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल तेज हो गई है। जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद और सिख कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह के संगठन 'वारिस पंजाब दे' (अकाली दल - वारिस पंजाब दे) ने चुनावी मैदान में उतरने की पूरी तैयारी कर ली है। इसी में पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने पहले उम्मीदवार के नाम का ऐलान भी कर दिया है।
पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को अपना पहला प्रत्याशी घोषित किया है। अमृतपाल सिंह के इस दांव को पंजाब की पंथिक राजनीति का बड़ा दांव माना जा रहा है।
बस्सी पठाना सीट से चुनाव लड़ेंगे सतवंत सिंह
61 वर्षीय सतवंत सिंह फतेहगढ़ साहिब जिले के मुस्तफाबाद गांव के रहने वाले हैं और बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह फतेहगढ़ साहिब की बस्सी पठाना विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ेंगे। अमृतसर में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय उनके नाम का ऐलान किया गया। इस प्रेस वार्ता में 'वारिस पंजाब दे' के कार्यकारी अध्यक्ष और अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह के साथ फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी विशेष रूप से मौजूद थे !!