
विजयागंज मंडी में नकबजनी का खुलासा, बेटी सहित दो आरोपी गिरफ्तार
देवास। विजयागंज मंडी थाना पुलिस ने ग्राम सोंडा में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत मश्रुका बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को ग्राम सोंडा निवासी गट्टू लाल सिलोदिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनके घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। मामले में विजयागंज मंडी थाने में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से घटनास्थल एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में पंकज सिंह पंवार निवासी ग्राम नकलन और फरियादी की बेटी कोमल की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के बरामद
पुलिस ने आरोपियों से सोने के कान के टॉप्स, सोने के टड़ड्डे, सोने की जोधा नथ, चांदी की पायजेब, चांदी का कंदोरा, कान की झुमकी, सोने के लॉकेट, चांदी के टंके, 8 बंदर छाप बिटोरिया सिक्के, 10 चांदी के पूजा के सिक्के, सोने की मुरकी और ॐ लिखा सोने का लॉकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है और दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता कटारा, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।