पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज है। अनंत सिंह के खुलकर विरोध के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा हुई। नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को मजबूती से चुनाव लड़ने और जीत के लिए पूरी ताकत लगाने का संदेश दिया। दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। अनंत सिंह के इस रुख से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब जेडीयू नेतृत्व अपने प्रत्याशी के समर्थन में पूरी ताकत झोंक रहा है। पटना स्नातक सीट पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा।