
बद्दी में एंटी चिट्टा मिशन के तहत बाइक रैली, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
हिमाचल:बद्दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को बद्दी पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे “हिमाचल प्रदेश एंटी चिट्टा मिशन” और “शिक्षित हिमाचल-विकसित हिमाचल” अभियान के तहत IEC विश्वविद्यालय के सहयोग से बाइक रैली का आयोजन किया।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने एसपी कार्यालय बद्दी से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में IEC विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने “नशे को ना, जिंदगी को हां” और नशामुक्त हिमाचल का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
रैली बद्दी के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया गया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जन-जागरूकता अभियान में सहयोग के लिए IEC विश्वविद्यालय की सराहना की।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों व आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम भी लगातार आयोजित करती रहेगी।
IEC विश्वविद्यालय और बद्दी पुलिस के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस बाइक रैली के माध्यम से नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूत करने और समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #Baddi #BaddiPolice #AntiChittaMission #DrugFreeHimachal #NashaMuktHimachal #HimachalPolice