
बिंदल मॉल फायरिंग में तीन संदिग्धों की पहचान, डोबो पुल होकर चांडिल भागे अपराधी
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उड्डीप्पी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल तीन संदिग्धों की पहचान की है।
जांच के अनुसार, दो युवक रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचे और फायरिंग करने के बाद बाहर निकले। इस दौरान तीसरा साथी गाड़ी स्टार्ट कर बाहर उनका इंतजार कर रहा था। दोनों के बाहर निकलते ही तीनों गाड़ी में सवार हुए और डोबो पुल के रास्ते चांडिल की ओर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गाड़ी मानगो निवासी कुंदन कुमार चला रहा था। बीच वाली सीट पर सोनारी निवासी मोहन यादव और पीछे की सीट पर सरायकेला निवासी अजीत मंडल के बैठने की बात सामने आई है। पुलिस तीनों की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच के दौरान अजीत मंडल का नाम पूर्व के आपराधिक मामलों से जुड़े होने की बात सामने आई है। वहीं, मोहन यादव सोनारी निवासी राजाराम यादव का पुत्र बताया जा रहा है और उसके हाल ही में जेल से बाहर आने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। उसके खिलाफ पूर्व के एक हत्याकांड में सजा होने की बात भी कही जा रही है।
पुरानी रंजिश और गैंगवार के एंगल पर जांच
पुलिस फायरिंग की घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है। कथित गिरोह से जुड़े विवाद, अजीत मंडल के साथ पूर्व में हुई गोलीबारी, जमीन कारोबार से जुड़े विवाद और गैंगवार के एंगल को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। तीनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
#citilivejharkhand #nonfollowers #JharkhandPolice