Public App Logo
परिषदीय विद्यालयों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, स्वतंत्रता दिवस के लिए तैयार हुए स्कूल #हरदोई। जिलाधिकारी की पहल और महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में व्यापक विद्यालय स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर से लेकर कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों, रसोईघर और भवनों की छतों तक साफ-सफाई कराई गई। स्वच्छता अभियान के तहत विद्यालय परिसरों से झाड़-झंखाड़ और अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर कूड़ा-कचरा मुक्त किया गया। कक्षा-कक्षों और छतों पर जमा पत्तियों व अन्य कचरे की भी सफाई की गई। विद्यालयों में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए जल निकासी की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया। मल्टीपल हैंडवॉश, शौचालयों के आसपास तथा बाउंड्रीवाल के बाहर भी विशेष सफाई कराई गई। पेयजल की शुद्धता बनाए रखने के लिए पानी की टंकियों की सफाई और क्लोरीनेशन पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्धारित मानकों के अनुसार तैयार मध्यान्ह भोजन को छात्र-छात्राओं के साथ ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार जिलाधिकारी की पहल पर चलाए गए इस व्यापक अभियान से विद्यालय परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित हुए हैं। अभियान के बाद जनपद के परिषदीय विद्यालय स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं। - Sadar News