
विसर्जन चल समारोह में मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पालकी को मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर
सयाजी द्वार पर प्रशासन देगा सम्मान, नवरात्रि तैयारियों को लेकर बैठक में कई अहम फैसले
देवास | देवास की अधिष्ठात्री मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पालकी को इस वर्ष विसर्जन चल समारोह के दौरान प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सयाजी द्वार पर होने वाला यह सम्मान समारोह नवरात्रि पर्व की व्यवस्थाओं में इस वर्ष की प्रमुख नई पहल होगी।
सोमवार को नगर निगम सभाकक्ष में नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक में विधायक गायत्रीराजे पवार ने यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी देवास की आस्था और पहचान से जुड़ी हैं, इसलिए विसर्जन समारोह में दोनों माताओं की पालकी को प्रशासनिक स्तर पर सम्मान दिया जाना चाहिए। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने प्रस्ताव पर सहमति देते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
टेकरी के मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी जोर दिया गया। विधायक ने माता टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर, कालका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों को पर्व के दौरान खुला रखने की बात कही, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में परेशानी न हो।
उन्होंने पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा शहर में लगाए जाने वाले होर्डिंग-बैनरों में मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के चित्रों को उचित सम्मान देने की अपील की।
पॉलिथीन पर रोक, अतिक्रमण और अभद्रता पर कार्रवाई
महापौर गीता अग्रवाल ने माता टेकरी, परिक्रमा मार्ग, शंख द्वार और सीढ़ी मार्ग पर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं से अभद्रता करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई।
प्रसादी वितरण, भंडारों और मेला क्षेत्र में पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शहर और दुर्गा पंडालों के आसपास सुबह-शाम विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
चौराहों पर होगा माता दर्शन का लाइव प्रसारण
नगर निगम सभापति रवि जैन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से माता दर्शन का लाइव प्रसारण कराने का सुझाव दिया। इसके अलावा टेकरी पर 24 घंटे पर्याप्त रोशनी, भिक्षावृत्ति पर रोक और मेडिकल टीमों के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।
24 घंटे बिजली, सीसीटीवी और मजबूत बैरिकेडिंग
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों को माता टेकरी परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, साइनेज, पेयजल, मजबूत बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रसूलपुर, टाटा, इंदिरा गांधी और भोपाल चौराहे पर पीए सिस्टम और पुलिस बल तैनात रहेगा। सड़कों पर खुले मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ 5 हजार रुपये या उससे अधिक का चालान करने के निर्देश भी दिए गए।
दो दिन में रोडमैप, 10 दिन की ड्यूटी व्यवस्था
कलेक्टर ने सभी विभागों को आगामी दो दिनों में अपनी कार्ययोजना का रोडमैप तैयार कर स्थलों की रेकी के साथ एसडीएम को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। नवरात्रि के दौरान 10 दिवसीय ड्यूटी के लिए नोडल और फील्ड अधिकारियों की सूची भी तैयार की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि पेयजल, आवारा मवेशियों और श्वानों को हटाने, मार्गों की साज-सज्जा तथा पार्किंग स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बैठक में महापौर गीता अग्रवाल, निगम सभापति रवि जैन, निगम आयुक्त दलीप कुमार, सीएसपी सुमित अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।