
#नारायणगढ़ पुलिस की कार्रवाई: स्विफ्ट कार से 44 किलो डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी नामजद
#मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार सहित मोबाइल फोन और एयरटेल डोंगल भी बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को नामजद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल डामोर ने खेजड़ी फंटा से ईरली रोड की ओर भोपाल सिंह के कुएं के पास कार्रवाई की। यहां आरोपी रविन्द्र पिता भागीरथ बेड़ा, जाति जाट, उम्र 28 वर्ष, निवासी बेड़ो की ढाणी गजसिंहपुरा, तहसील भोपालगढ़, जिला जोधपुर, राजस्थान के कब्जे वाली स्विफ्ट कार क्रमांक MP.07.ZM.2201 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 44 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ करने पर उसने डोडाचूरा भांगी पिपलिया निवासी जितेन्द्र सिंह उर्फ लाल सिंह सौंधिया राजपूत से लाना बताया। इसके बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 252/26 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस ने बताया कि जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 88 हजार रुपये है। इसके अलावा करीब 6 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट कार, एक एंड्रॉयड एवं एक कीपैड मोबाइल फोन जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये तथा करीब एक हजार रुपये कीमत का एयरटेल डोंगल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में की गई।