
चूरू रेलवे स्टेशन पर बच्चों ने चित्रों के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत हुई ड्राइंग प्रतियोगिता, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
चूरूः स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रविवार को चूरू रेलवे स्टेशन पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के निर्देशानुसार हुई प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों व चित्रों के माध्यम से स्वच्छ भारत व स्वच्छ रेलवे स्टेशन का संदेश दिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरा डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए आकर्षक चित्र बनाए। लक्षित, वरुण, मयंक, रौनक, दीक्षित, जियांश, रिया, रुचिका, दीपांश, तनवीर, युवराज, रावन्या, जय सिंह और अरुण चौधरी सहित कई बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि स्टेशन सुविधा प्रबंधक (एसएफएम) राकेश भाकर ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित करने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम का संयोजन मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कृष्ण कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी - कर्मचारी, सुरक्षा बल के जवान, बच्चों के अभिभावक, रेल यात्री और आमजन मौजूद रहे। #follower #nonfollowers #viralpost #foryoupageシ
Churu, Churu | Sep 28, 2026