Public App Logo
तालाब में डूबने से 25 वर्षीय आदिवासी युवक की मौत, मेड़ पर मिले थे कपड़े शाहनगर। बोरी चौकी क्षेत्र के ठरका गांव में तालाब में डूबने से 25 वर्षीय आदिवासी युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लट्टू आदिवासी, पिता बारे लाल आदिवासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार युवक अचानक लापता हो गया था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान तालाब की मेड़ पर उसके कपड़े मिले, जिसके बाद तालाब में डूबने की आशंका जताई गई। बुधवार सुबह तालाब के पानी में युवक का शव तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बोरी चौकी प्रभारी संतोष मसराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहनगर पहुंचाया, जहां बीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार लोधी ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक के लापता होने से पहले उसके नशे में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि वह तालाब में किन परिस्थितियों में डूबा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। #शाहनगर #पन्ना #मध्यप्रदेश #ठरका #दुर्घटना - Shahnagar News