
#नालंदा - गैरेज में खड़ी स्कॉर्पियो से 347.75 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
पंडितनगर में पुलिस की छापेमारी से शराब कारोबार का खुलासा, आपूर्तिकर्ता और प्राप्तकर्ता की तलाश में जुटी पुलिस
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शहर के पंडितनगर मोहल्ला स्थित ज्ञान सागर लाइब्रेरी के बगल में एक गैरेज में छापेमारी कर काले रंग की स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 347.75 लीटर बताई गई है।
सदर डीएसपी 1 अमरनाथ कुमार प्रेस वार्ता कर बताया कि 29 सितंबर 2026 को बिहार थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडितनगर स्थित ज्ञान सागर लाइब्रेरी के बगल में एक गैरेज में काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त गैरेज में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गैरेज में खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में विभिन्न बैच नंबर की कुल 347.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से पुलिस ने शराब कारोबारी स्मित पटेल (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। वह रविन्द्र प्रसाद का पुत्र है और मूल रूप से गौसनगर, थाना सरमेरा, जिला नालंदा का निवासी है। वर्तमान में वह बिहार थाना क्षेत्र के पंडितनगर में नवीन कुमार के मकान में किराये पर रह रहा था।
पुलिस ने शराब के साथ मौके से सैमसंग कंपनी का एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन और शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR02BZ-9485 है, भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के दौरान शराब के आपूर्तिकर्ता और प्राप्तकर्ता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर शराब के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में बिहार थाना कांड संख्या 547/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 के तहत धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं संशोधित उत्पाद अधिनियम 2022 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
छापेमारी टीम में परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक रविप्रकाश, परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक खुशबू कुमारी, सिपाही पिंटू कुमार (2224), सिपाही जयप्रकाश सिंह (2068), सिपाही मणिकांत कुमार (412) तथा गृहरक्षक स्वीटी कुमारी (112807) शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अनुसंधान और कार्रवाई लगातार जारी है।
Rahui, Nalanda | Sep 30, 2026