🚌 कबाड़ नहीं होंगी रोडवेज की पुरानी बसें, अब 'इलेक्ट्रिक' बनकर सड़कों पर दौड़ेंगी.
विशेष संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की पुरानी और अपनी सेवा अवधि पूरी कर चुकी बसों को अब स्क्रैप (कबाड़) में नहीं बेचा जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत को ध्यान में रखते हुए सरकार इन बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने की तैयारी कर रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विभागीय अधिकारियों और ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
▪️आधुनिक रेट्रोफिट तकनीक का होगा इस्तेमाल.
बैठक के दौरान पुरानी डीजल बसों को आधुनिक रेट्रोफिट तकनीक (Retrofit Technology) के जरिए इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से चर्चा की गई। इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे बसों का मजबूत और सुरक्षित ढांचा (चेसिस व बॉडी) वैसा ही रहेगा, जिससे नई बसें खरीदने का भारी-भरकम खर्च बचेगा।
▪️डीजल इंजन हटेगा, लगेगी बैटरी और मोटर.
योजना के अनुसार, बसों से पुराने प्रदूषण फैलाने वाले डीजल इंजन और ईंधन टैंक को पूरी तरह से हटा दिया जाएगा। इसकी जगह आधुनिक पावरफुल बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर लगाई जाएगी। इस बदलाव के बाद ये बसें पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त और इको-फ्रेंडली हो जाएंगी।
▪️कम लागत में दोबारा उपयोग के लिए होंगी तैयार.
परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तुलना में पुरानी बसों को रेट्रोफिट करना बेहद किफायती है। इससे बेहद कम लागत में बसों को दोबारा सड़कों पर परिचालन के लिए तैयार किया जा सकेगा। इस कदम से न केवल निगम के खर्चों में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को भी आधुनिक और शांत सफर का अनुभव मिलेगा।
#badaunharpalnews #budaunharpal #badaunharpal #UttarPradeshNews #budaun #badaun #BudaunNews #badaunnews #tv #UTC #uttrakhand_devbhoomi #dehradun #EVBus #uttrakhand_beauty #uttranchal #dhamisarkar बदायूँ हर पल न्यूज़ @badaunharpalnews