
आठ सूत्री मांगों को लेकर खेग्रामस का सामूहिक अनशन, सरकार पर गरीबों की अनदेखी का आरोप
नौतन। आठ सूत्री मांगों को लेकर खेतिहर ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यों ने गुरुवार से शुक्रवार तक प्रखंड मुख्यालय परिसर में सामूहिक अनशन शुरू किया। अनशन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मजदूर शामिल हुए। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गरीबों और मजदूरों के हित में मांगें पूरी करने की आवाज उठाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान सभा के सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब, मजदूर और किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। हजारों गरीब परिवारों की वासगीत भूमि छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वक्ताओं ने गरीब मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी की गारंटी, आवासीय भूमि उपलब्ध कराने और रोजगार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मजदूरों को संवैधानिक अधिकार और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए। अनशन में रबिंद्र राम, सुनैना देवी, पतासो देवी, सोमारी देवी, भारत शर्मा, विनोद राम, असलम अंसारी, शल्या खातून, संगीता देवी, दुलारी देवी, किरण देवी और सफीना देवी समेत कई लोग शामिल रहे। वक्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।