
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा नयारघाटी के बिलखेत में आयोजित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने समारोह पूर्वक शुभारंभ किया। इस मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की असीमित संभावनाएं हैं। जिसे देखते हुए बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण इंस्टिट्यूट बनाने की कार्यवाही भी गतिमान है। इसके अलावा नयार नदी में एग्लिंग और बोटिंग कई अन्य योजनाएं भी पाइप लाइन में हैं। जिनके धरातल पर उतरती न सिर्फ क्षेत्र को पर्यटन विकास के नक्शे पर स्थापित किया जा सकेगा, अपितु क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के स्वर्णिम अवसर भी प्राप्त होंगे। इस मौके पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर डीटीडीओ कमल किशोर जोशी ने बताया कि 1 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले 30 दिवसीय अभ्यास शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग एक्सपर्ट बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी अभ्यास करने के साथ ही पैराग्लाइडिंग की बारीकियां भी सीखेंगे। जिसमें ढ़ाढूखाल से टेक आफ कर प्रशिक्षु रांइका, बिलखेत से सटे मैदान में लैंडिंग करेंगे।