
सहारनपुर: थाना कुतुबशेर पुलिस के नेतृत्व में मानकमाऊ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र
रिपोर्टर पंकज कुमार
सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शनिवार को थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमाऊ में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में पुलिस बल, स्थानीय ग्राम प्रधानों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल
भीषण तापमान के बावजूद तिरंगा यात्रा में शामिल बच्चों और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। इस दौरान मानकमाऊ चौकी इंचार्ज उप-निरीक्षक चौधरी कुलवंत मलिक ने मानवता का परिचय देते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं का दिल खोलकर स्वागत किया। उन्होंने यात्रा में चल रहे बच्चों को ठंडे पानी की बोतलें, फ्रूटी और एनर्जी ड्रिंक्स वितरित कीं, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है
पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान
तिरंगा यात्रा में प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष कुमार त्यागी, वरिष्ठ उप-निरीक्षक श्री विजेंद्र कुमार सिंह, उप-निरीक्षक चौधरी कुलवंत मलिक और उप-निरीक्षक अभिषेक चौरसिया ने मुख्य रूप से कमान संभाली।
यह यात्रा हसनपुर, पुराना शुगर मिल तथा मानकमाऊ के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों और नागरिकों के "भारत माता की जय" तथा "वंदे मातरम" के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने सभी क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।थी उन्होंने कहा:
"राष्ट्रीय ध्वज हमारी एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति जागरूकता फैलाना है।"
यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।