
वोटर लिस्ट में आपका नाम सही है ? 15 अगस्त को हर वोटर को मिलेगा सूची जांचने का मौका
#bokaro #BokaroNews #SIR2026 #VoterList #VoterVerification #JharkhandNews
Bokaro : 15 अगस्त को बोकारो के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ग्राम सभा और सभा इस बार आम बैठकों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत इन बैठकों में प्रारूप मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा। ऐसे में मतदाताओं के पास अपना नाम और विवरण जांचने का अहम मौका होगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोजन की व्यापक तैयारी और प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सभा पंचायत भवनों में, जबकि शहरी क्षेत्रों में संबंधित मतदान केंद्रों पर सभा आयोजित की जाएगी। इसमें बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और चुनाव पाठशाला के सदस्य शामिल होंगे।
##नाम छूटा है तो मिलेगा मौका
बैठक के दौरान BLO प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाएंगे। साथ ही ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो पाया है। जो नागरिक 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहली बार वोट देने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर होगा।
##गलत जानकारी पर Form-8 से सुधार
यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में गलती है, तो वह Form-8 के जरिए सुधार के लिए आवेदन कर सकता है। इसके अलावा प्रारूप सूची में शामिल अयोग्य व्यक्तियों की पहचान भी की जाएगी। अधिकारियों द्वारा बैठक के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्धारित दस्तावेजों और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। बैठकों की कार्यवाही BLO पंजी में दर्ज करने के साथ तस्वीरें भी सुरक्षित रखी जाएंगी।
DC अजय नाथ झा ने कहा, “शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।” उन्होंने नागरिकों से 15 अगस्त की सभा में भाग लेकर SIR-2026 को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
Chas, Bokaro | Aug 13, 2026