
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: जोगबनी में निकली भव्य रैली
जोगबनी। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर युवा प्रगति मंच और मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद के सहयोग से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ नेताजी चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत-नेपाल सीमा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची, जहां नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प लिया गया। रैली में करीब 10 विद्यालयों के 1000 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इस दौरान SDPO राजकुमार गुप्ता ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जोगबनी में नशे का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य पार्षद रानी देवी ने नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई।
युवा प्रगति मंच के सचिव शिवाजी झा ने कहा कि नशे के खिलाफ हर नागरिक को जागरूक प्रहरी की भूमिका निभानी होगी। वहीं सुमित अग्रवाल ने कहा कि जागरूक युवा ही विकसित भारत की असली ताकत हैं। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, SSB, GRP, RPF, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।
Supaul, Supaul | Oct 4, 2026