
नर्मदापुरम के मुख्य बाजार सतरस्ता स्थित पेट्रोल पंप से सटी दुकानों में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि आग पेट्रोल पंप की दिशा में नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर मौजूद SDOP जितेंद्र पाठक और कोतवाली टीआई गौरव बुंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग की विभीषिका को देखते हुए नर्मदापुरम नगरपालिका की 3 फायर ब्रिगेड के अलावा इटारसी नगरपालिका और SPM की CISF यूनिट से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
आग बुझाने के लिए JCB से शटर तोड़कर अंदर पानी की बौछारें की गईं और एहतियातन इलाके की बिजली बंद करा दी गई। पेट्रोल पंप के अग्निशामक यंत्रों का भी प्रयोग किया गया। SDOP जितेंद्र पाठक की तत्परता ओर टीआई गौरव बुन्देला के साथ पुलिस टीम और स्थानीय लोगों व पार्षद राजेंद्र उपाध्याय के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
नगर पालिका की ओर से रखवाए गए टपों में छोटे व्यापारी दुकानें संचालित करते हैं। इस हादसे में 5 दुकानें और फुटपाथ पर ठेला लगाने वाले 3 विक्रेताओं का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, 20 लाख रुपये से ज्यादा के नुकसान की आशंका है। पीड़ित दुकानदार गौरव बागरी ने बताया कि उनकी दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपये का माल जल गया। वहीं दुकानदार ओम प्रकाश परमार की दुकान में रखी 3 लाख रुपये की रक्षाबंधन की राखियां और 3 लाख की बरसाती पन्नी पूरी तरह नष्ट हो गई। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर शार्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#narmadapuramnews #MPNews #viralnews #viralpost