
दुर्गा पूजा को भव्य बनाने की तैयारी तेज, नई पूजा समिति का गठन
बभनी दुर्गा मंदिर परिसर में सामाजिक बैठक, पूजा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
राजीव कुमार
गम्हरिया, मधेपुरा।
गम्हरिया प्रखंड की बभनी पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को दुर्गा नाट्य कला परिषद के तत्वावधान में दुर्गा पूजा एवं मेला आयोजन को लेकर सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को बेहतर, व्यवस्थित और भव्य तरीके से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए नई आयोजन समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
बैठक में संतोष कुमार सिंह को संयोजक, नितिन कुमार सिंह को अध्यक्ष, राणा सिंह को सचिव, राजीव सिंह एवं मिठू झा को कोषाध्यक्ष तथा चंचल झा को उपाध्यक्ष चुना गया। नई समिति के गठन के बाद उपस्थित लोगों ने सभी नवचयनित पदाधिकारियों को बधाई दी और आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ पूजा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
समिति के संयोजक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन पिछले वर्षों की अपेक्षा और बेहतर एवं आकर्षक तरीके से किया जाएगा। पूजा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, मेला परिसर की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। वहीं ग्रामीणों ने भी दुर्गा पूजा एवं मेला आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रभाकांत झा, मनोज झा, किसुन सिंह, नरेश फौजी, बीजो सिंह, रमेश सिंह, सुशील सिंह, भजन सिंह, राकेश सिंह, राहुल सिंह, मुन्ना सिंह, छोटू सिंह, प्रकाश कुमार, देवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आयोजन समिति से जुड़े लोग मौजूद थे।