
शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या से सनसनी, मंदिर में ही जलाए शव
एक साधु का शव जलता मिला, दूसरे का शव पूरी तरह जला; एक संदिग्ध हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शाहजहांपुर। जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में गुरुवार सुबह प्राचीन शिव मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या के बाद शव जलाए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। मंदिर में रह रहे साधु गोपालदास और बिहारीदास के शव मंदिर परिसर में करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े मिले। एक शव जलता हुआ मिला, जबकि दूसरे का शव पूरी तरह जल चुका था।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने मंदिर से धुआं उठता देखा तो मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर का दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक वारदात के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurNews #खुदागंज #सूथा #साधुहत्या #हत्या #शिवमंदिर #CrimeNews #UPPolice #ShahjahanpurPolice #BreakingNews #LatestNews #उत्तरप्रदेश #सनसनीखेजवारदात