रतन सिंह राठौड़ बने कांग्रेस खनन विभाग एवं उत्थान प्रकोष्ठ के बाड़मेर जिलाध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर संगठन ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
बाड़मेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खनन विभाग एवं उत्थान प्रकोष्ठ में संगठनात्मक विस्तार करते हुए बाड़मेर जिले में महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार एवं बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा की अनुशंसा पर रतन सिंह राठौड़ को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी खनन विभाग एवं उत्थान प्रकोष्ठ का बाड़मेर जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी खनन विभाग एवं उत्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पाल पड़ावत ने प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए रतन सिंह राठौड़ उदयनगर के नाम की घोषणा की। राठौड़ को दी गई यह जिम्मेदारी बाड़मेर जिले में कांग्रेस संगठन को खनन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और उससे प्रभावित लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
खनन क्षेत्र बाड़मेर की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में प्रकोष्ठ के जिला स्तर पर सक्रिय होने से खनन क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों, व्यवसायियों, स्थानीय हितधारकों एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने की उम्मीद है।