
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसा: घायल DSP नरेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत
इटावा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय डीएसपी नरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उनके साथ मौजूद गनर कॉन्स्टेबल योगेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इटावा में डीएसपी नरेंद्र सिंह की कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके कई हिस्से एक्सप्रेसवे पर बिखर गए। हादसे के बाद डीएसपी और उनके गनर वाहन के अंदर फंस गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के दरवाजे काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डीएसपी नरेंद्र सिंह की मौत हो गई।
नोएडा के बरौला गांव के रहने वाले थे नरेंद्र सिंह
डीएसपी नरेंद्र सिंह के चचेरे भाई कर्मवीर सिंह के अनुसार, नरेंद्र सिंह मूलरूप से नोएडा के सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में रह रहा है। वह छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो भाई ग्रेटर नोएडा में, जबकि चार भाई अपने परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं।
परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा
नरेंद्र सिंह के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनकी बड़ी बेटी ने हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। छोटी बेटी ने 12वीं की परीक्षा पास की है और अब कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रही है। उनका बेटा अभी करीब पांच साल का है। उनकी पत्नी गृहिणी हैं।
डीएसपी नरेंद्र सिंह के निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।
#Agra #AgraLucknowExpressway #DSP #NarendraSingh #Etawah #roadaccidentnews