Public App Logo
महाकाल के दर्शन से लौटते वक्त हादसा, उन्नाव के सराफा कारोबारी की मौत; परिवार का इकलौता सहारा था शिवम उन्नाव। महाकाल के दर्शन कर घर लौट रहे उन्नाव के सराफा कारोबारी शिवम वर्मा की उरई में हुए सड़क हादसे में मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 30 वर्षीय शिवम की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां माया देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब्बासबाग, गीतानगर निवासी शिवम वर्मा अपने बुआ के बेटे अंकित वर्मा और दोस्तों माहिर वर्मा, शशांक वर्मा व निखार के साथ इनोवा कार से उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद शनिवार रात सभी लोग वापस उन्नाव-कानपुर की ओर लौट रहे थे। बताया गया कि उरई के एट क्षेत्र में कोटरा ओवरब्रिज के पास अंकित ने कार सड़क किनारे रोक दी। शिवम और अंकित लघुशंका के लिए कार से नीचे उतरे। इसी दौरान झांसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इनोवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम और अंकित ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और टोल एंबुलेंस की मदद से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। शिवम और अंकित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, शिवम का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में अंकित का भी उपचार जारी है। तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था शिवम शिवम की मौत ने परिवार की उस कड़ी को तोड़ दिया, जिस पर पिता की मौत के बाद पूरे घर की जिम्मेदारी टिकी थी। जीजा पंकज सोनी के मुताबिक, शिवम तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। बड़ी बहन काजल वर्मा की शादी पंकज सोनी से हुई है। दूसरी बहन सिमरन वर्मा भी विवाहित हैं, जबकि सबसे छोटी बहन निधि वर्मा अभी अविवाहित हैं। शिवम के पिता किशोर कुमार का काफी समय पहले निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी शिवम के कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई बीच में छोड़कर उसने कानपुर के मेस्टन रोड स्थित चौक सराफा बाजार में आभूषणों की दुकान संभाल ली थी। कारोबार के साथ वह परिवार का मुख्य सहारा बन गया था। महाकाल के दर्शन से लौटते समय छिन गई जिंदगी परिवार के लिए यह यात्रा खुशियों और आस्था की यात्रा थी। महाकाल के दर्शन कर लौट रहा शिवम घर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गया। जिस युवक ने पिता के बाद परिवार को संभाला, उसकी अचानक मौत ने मां और बहनों को बेसहारा कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त इनोवा को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। एट थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे और हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें एक की मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिवम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। महाकाल के दर्शन से लौटे परिवार के लिए यह सफर जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन गया। - Unnao News