
एचआईवी/एड्स जागरूकता को लेकर बैठक, मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जोर
हाजीपुर। सिविल सर्जन वैशाली के सभाकक्ष में शुक्रवार को एचआईवी/एड्स के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने और एचआईवी संक्रमित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिविल सर्जन वैशाली डॉ. एसएन प्रसाद, सीडीओ डॉ. अजय लाल, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, सहायक निदेशक राजीव रंजन एवं सरिता कुमारी सहित स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव सुधीर कुमार शुक्ला तथा आईसीटीसी, एआरटी केंद्र और टारगेटेड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट के कर्मी मौजूद रहे।
संस्था के सचिव सुधीर कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने टारगेटेड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट के माध्यम से वैशाली जिले में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य शिविरों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
सिविल सर्जन डॉ. एसएन प्रसाद ने बताया कि सदर अस्पताल, हाजीपुर में एचआईवी/एड्स मरीजों के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बचाव के उपायों की जानकारी देने और लोगों को समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने के लिए व्यापक अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
बैठक के बाद अधिकारियों ने आईसीटीसी एवं एआरटी केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बेहतर कार्य एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
#HIVAwareness #AIDSAwareness #HIV #AIDS #Vaishali #Hajipur #VaishaliNews #HajipurNews #HealthDepartment #CivilSurgeon #SadarHospital #ARTCenter #ICTC #BiharNews #HealthAwareness #YoungIndiaNews