मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र में नलजल योजना की राशि में गबन के आरोप में पुलिस ने तत्कालीन वार्ड सदस्य और वार्ड सचिव को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 18 लाख रुपये से अधिक की सरकारी राशि के गबन का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौसनगर गांव निवासी तत्कालीन वार्ड सदस्य शत्रुघ्न ठाकुर और वार्ड सचिव रामाशंकर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018-19 में नलजल योजना लागू करने के लिए 18 लाख 33 हजार 900 रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि इसमें से 18 लाख रुपये निकाल लिए गए, लेकिन योजना का काम पूरा नहीं हुआ। पंचायत सचिव अभिषेक कुमार दीप ने 16 जनवरी 2025 को एफआईआर दर्ज कराई थी।