सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महद्दीगंज में मंगलवार की रात चोरों ने सेवानिवृत्त शिक्षक बीके सिंह के घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व कीमती सामान चुरा लिए। घटना के समय शिक्षक इलाज के लिए पटना गए हुए थे, जबकि घर की देखभाल करने वाला भतीजा सुशील कुमार भी एक पार्टी में गया था। बुधवार सुबह घर लौटने पर सुशील ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया।
घर के अंदर कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी समेत घर के अन्य स्थानों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है।