
समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 08.08.2026*
=================।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित, कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
कैमूर (भभुआ), 08 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी, कैमूर की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कृषि, उद्यान, कृषि अभियंत्रण, मृदा जाँच, आत्मा, भूमि संरक्षण, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं अन्य कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति से संबंधित अधिकारियों ने जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। संबंधित अधिकारियों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभुकों की संख्या, निर्धारित लक्ष्य एवं अब तक की उपलब्धि सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया गया।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं योग्य लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अधिकाधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने किसानों की आय में वृद्धि एवं मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से धान-गेहूं फसल चक्र में बदलाव करते हुए आत्मनिर्भर दलहन मिशन के तहत खरीफ एवं रबी मौसम में दलहन का रकबा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के बीच इसके प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करने तथा उन्हें वैकल्पिक एवं लाभकारी फसल प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कैमूर (भभुआ), जिला उद्यान पदाधिकारी, कैमूर, उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण), कैमूर, जिला पशुपालन पदाधिकारी, कैमूर, जिला गव्य पदाधिकारी, कैमूर, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कैमूर, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण, कैमूर, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, भभुआ एवं मोहनिया सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Aug 8, 2026