
निहरी के चौकी गांव में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, बैंकिंग योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
डेली हिमाचल न्यूज़ - निहरी, 30 सितंबर 2026
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की निहरी शाखा की ओर से गांव चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और निशांत शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों को बैंक तथा नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान लोगों को बचत खाता, आरडी, फिक्स्ड डिपॉजिट, ‘सपनों का संचय’, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, पिकअप लोन, एजुकेशन लोन सहित अन्य ऋण सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में ग्रामीणों को डिजिटल भुगतान के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान गूगल पे, हिमपैसा सहित डिजिटल माध्यमों से लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर धोखाधड़ी और ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई। शिविर में उपस्थित प्रधान, उपप्रधान, पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल भुगतान को लेकर दी गई जानकारी में रुचि दिखाई और जागरूकता कार्यक्रम के प्रति अपनी सहमति एवं समर्थन व्यक्त किया।