भागलपुर में फर्जी DSP का नया कारनामा: नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ₹3 लाख की ठगी, केस दर्ज
पटना सचिवालय का DSP बताकर करता था प्रभाव का दावा, चुनाव बाद नौकरी का झांसा देकर हुआ फरार
भागलपुर: खुद को पटना सचिवालय का डीएसपी बताकर लोगों को ठगने के आरोपों में घिरे मनोज कुमार उर्फ मनोज कुमार वर्मा का एक और मामला सामने आया है। इस बार आनंद मार्ग कॉलोनी निवासी नेहा रंजन ने बाईपास थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके पुत्र को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 3 लाख रुपये ठग लिए गए।
पीड़िता के अनुसार, उनकी मुलाकात मनोज वर्मा से श्रेया गर्ल्स एंड बॉयज हॉस्टल में हुई थी। आरोपी ने स्वयं को पटना सचिवालय का डीएसपी बताते हुए बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से गहरी पहचान होने का दावा किया। इसी प्रभाव का हवाला देकर उसने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में 6 लाख रुपये की मांग की।
बताया गया कि पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये देने पर सहमति बनी। इनमें से 1 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से अपूर्व लक्ष्य, प्रीति कुमारी और मनोज कुमार के खातों में भेजे गए, जबकि 2 लाख रुपये नकद आरोपी को दिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के बाद नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर मनोज वर्मा फरार हो गया। बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आने की शिकायत भी पुलिस से की गई है।
इस मामले में बाईपास थाना कांड संख्या 119/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने ठगी गई 3 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने और पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि मनोज कुमार वर्मा का नाम इससे पहले भी वर्ष 2024 में बांका की स्टेज-4 कैंसर पीड़िता सोनम भारती से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.60 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में सामने आया था। उस मामले में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इशाकचक पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर लाइसेंसी रायफल जब्त की थी, हालांकि आरोपी फरार बताया गया था।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायत और पुलिस में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित हैं। आरोपों की जांच जारी है और अंतिम सत्यापन न्यायिक प्रक्रिया एवं पुलिस जांच के बाद ही होगा।
#BhagalpurNews #BiharNews #FakeDSP #FraudAlert #CrimeNews #JobFraud #BypassThana