गोरमी में बिजली के खंभे में 10 दिनों से दौड़ रहा करंट, लोगों ने कटीली झाड़ियां लगाकर किया बचाव, विभाग की लापरवाही से हादसे का खतरा
गोरमी। नगर परिषद गोरमी के वार्ड क्रमांक 12 और 13 के बीच स्थित पुरानी पोस्ट ऑफिस के पास लगे एक बिजली के खंभे में पिछले करीब 10 दिनों से करंट आने का मामला सामने आया है। विभाग की लापरवाही के चलते यह खंभा राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए जानलेवा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बच्चों और जानवरों को इस खंभे की चपेट में आने से करंट लग चुका है। हालांकि अभी तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना देकर खंभे की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन शिकायत के बावजूद आज तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग की अनदेखी से लोगों में भारी नाराजगी है।
बिजली के खंभे से लोगों को दूर रखने के लिए स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर कटीली झाड़ियां लगाकर उसे घेर दिया है, ताकि कोई अनजाने में खंभे के संपर्क में न आ सके। हालांकि लोगों का कहना है कि यह केवल अस्थायी उपाय है और इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।
राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। यदि समय रहते बिजली विभाग ने खंभे में आ रहे करंट की समस्या का समाधान नहीं किया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।