
कोढ़ोबारी थाने के अपर थानाध्यक्ष निलंबित, लापरवाही और अवैध गतिविधियों से जुड़े आरोपों पर कार्रवाई
संवाद सूत्र, जागरण, किशनगंज: कोढ़ोबारी थाना के अपर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। किशनगंज पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन पर कर्तव्य में घोर लापरवाही, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों से सांठगांठ कर वाहनों को छोड़ने तथा संदिग्ध आचरण समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर की रात लोहागाड़ा चौक से लावारिस हालत में पकड़ी गई मोटरसाइकिल को बिना आवश्यक कागजी प्रक्रिया और थाना दैनिकी में प्रविष्टि के छोड़ दिया गया। इसके बाद 13 सितंबर को मद्यनिषेध छापेमारी में पकड़े गए अवैध खाद लदे पिकअप वाहन को भी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दिए बिना रास्ते में छोड़ने का आरोप है। 23 सितंबर को लक्ष्मीपुर नदी में अवैध खनन के दौरान फंसे बालू लदे ट्रैक्टर को बिना कानूनी कार्रवाई छोड़े जाने का मामला भी सामने आया।
एसपी ने 24 सितंबर से निलंबन का आदेश जारी करते हुए सात दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है। एसडीपीओ-2 को चार दिनों में निष्पक्ष जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। किशनगंज पुलिस ने कर्तव्य में लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने की बात कही है।
Kishanganj Police Bihar Police Gopal Kumar Agarwal Qamrul Hoda