
गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा, परिवार का इकलौता सहारा 18 वर्षीय गौरव काल का ग्रास बना
पांच साल पहले पिता की मौत के बाद मजदूरी कर मां और दो छोटे भाइयों का पाल रहा था गौरव
कमालगंज। जिम्मेदारियों ने जिस किशोर को वक्त से पहले परिवार का सहारा बना दिया था, सड़क के गहरे गड्ढे ने उसकी जिंदगी छीन ली। बुधवार रात दरियावगंज मार्ग पर गदनापुर पेट्रोल पंप के पास गहरे गड्ढे में ई-रिक्शा पलटने से 18 वर्षीय गौरव की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 9:20 बजे ई-रिक्शा चालक तौफीक खान कमालगंज से सवारी लेकर गांव लौट रहा था। ई-रिक्शा में गौरव भी सवार था। गदनापुर पेट्रोल पंप के पास अचानक ई-रिक्शा का पहिया सड़क के गहरे गड्ढे में चला गया। वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और गौरव उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने किसी तरह गौरव को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मां पिंकी देवी अस्पताल पहुंचीं तो बेटे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था गौरव
गौरव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब पांच साल पहले पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई की उम्र में मजदूरी कर वह अपनी मां और दो छोटे भाइयों के पालन-पोषण में मदद कर रहा था। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई और जिम्मेदार विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
कमालगंज | फर्रुखाबाद
#कमालगंज #फर्रुखाबाद #सड़कहादसा #ईरिक्शाहादसा #गौरव #दर्दनाकहादसा #सड़ककेगड्ढे #RoadAccident #FarrukhabadNews #Kamalgank #BreakingNews #LatestNews #LocalNews #UPNews