
बेतिया नगर निगम के जेई सुजय सुमन की नियुक्ति पर उठे सवाल, कार्रवाई का निर्देश…
नगर निगम बेतिया के कनीय अभियंता (जेई) सुजय सुमन की नियुक्ति और सेवा नियमितीकरण का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। उपमहापौर गायत्री देवी की शिकायत और सांसद संजय जायसवाल की जांच अनुशंसा के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग की तीन सदस्यीय समिति ने मामले की जांच की। समिति की रिपोर्ट में नियुक्ति और सेवा नियमितीकरण की प्रक्रिया पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। विभाग के अवर सचिव राजेश्वर राज ने नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित को जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकारी आदेशों तथा उच्च न्यायालय के प्रभावी आदेशों के आलोक में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही कार्रवाई की रिपोर्ट विभाग को भेजने को कहा गया है। विभाग ने संयुक्त सचिव सुनील कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति ने 11 जून 2026 को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर संबंधित पक्षों से पूछताछ की तथा नियुक्ति से जुड़े अभिलेखों और संचिकाओं की जांच की। रिपोर्ट के अनुसार, सुजय सुमन को 20 मार्च 1997 को दैनिक पारिश्रमिक के आधार पर जेई के पद पर रखा गया था। उस समय नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया गया था। वहीं, 28 सितंबर 2004 को सेवा स्थायी करने के आदेश को समिति ने अपारदर्शी, पक्षपातपूर्ण और सरकारी निर्देशों के विपरीत बताया है। समिति ने संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों और जेई के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई तथा अवैध भुगतान की वसूली की संभावना भी जताई है। मामले से नगर निगम की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
#champaran24news