गंडक केनाल में नहाने गया युवक डूबा, एसडीआरएफ की टीम खोज में जुटी
नौतन। थाना क्षेत्र के धुमनगर पंचायत स्थित सोफवा टोला के समीप गंडक केनाल के बड़ा नाहर में बुधवार दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक तेज पानी के बहाव में डूब गया। डूबे युवक की पहचान बसवरिया निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि गोलू कुमार तीन दोस्तों के साथ नहाने के लिए नाहर में गया था। इसी दौरान तेज धार की चपेट में आने से वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी एसडीआरएफ की टीम को दी। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम नाहर में युवक की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।