
चौकीदार बहाली में देरी से अभ्यर्थियों में आक्रोश, 30 सितंबर की सुनवाई पर टिकी निगाहें, आंदोलन की चेतावनी
सरायकेला-खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले में चौकीदार बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी कर ली है। वर्ष 2024 में निकाली गई चौकीदार भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर 'चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा' का गठन किया है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी 30 सितंबर को झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में होने वाली सुनवाई के दौरान कोई ठोस निर्णय नहीं आता है, तो अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे।
गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से वर्ष 2024 में चौकीदार के 357 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इस बहाली प्रक्रिया के तहत पूरे जिले से 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद मामला न्यायालय में लंबित रहने के कारण अब तक नियुक्ति की अगली प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि झारखंड के अन्य जिलों में पुराने अवैतनिक चौकीदारों को लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा में दो अतिरिक्त अंक देने के प्रावधान के तहत बहाली प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं, सरायकेला-खरसावां जिले में पुराने अवैतनिक चौकीदारों की सीधी नियुक्ति की मांग को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। इसके कारण जिले की बहाली प्रक्रिया लगातार लंबित है।
मोर्चा का आरोप है कि मामले में बार-बार अगली तारीख मिल रही है, लेकिन मुख्य सुनवाई और अंतिम निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इससे लंबे समय से नियुक्ति की तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा की मुख्य मांग है कि अन्य जिलों की तर्ज पर सरायकेला-खरसावां जिले में भी मामले की शीघ्र सुनवाई कर इसका जल्द निष्पादन किया जाए और बहाली प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। मोर्चा ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब सभी अभ्यर्थियों की निगाहें 30 सितंबर को होने वाली उच्च न्यायालय की सुनवाई पर टिकी हैं। सुनवाई के बाद मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं आने की स्थिति में मोर्चा ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
#चौकीदारबहाली #चौकीदारभर्ती #सरायकेला #सरायकेलाखरसावां #चौकीदारबहालीसंघर्षमोर्चा #झारखंडन्यूज #सरकारीनौकरी #झारखंडभर्ती #नियुक्तिप्रक्रिया #युवाओंकाआंदोलन #झारखंडहाईकोर्ट #JharkhandNews #SeraikelaKharsawan #ChhotanagpurLive #ChhotanagpurLiveNews